
रामपुर बुशहर। भारत द्वारा वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता किए जाने के मद्देनजर देशभर में 1 से 7 नवंबर तक सतत् जीवन शैली सप्ताह मनाया गया। इसी अभियान के तहत विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एसजेवीएन की रामपुर जलविद्युत परियोजना (रामपुर एचपीएस) ने ऊर्जा संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं।
बायल में आयोजित समारोह में परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को घरेलू ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने के लिए किया प्रेरित
परियोजना प्रबंधन की ओर से इस दौरान कार्यालयों में ऊर्जा बचत के महत्व और बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए घरेलू ऊर्जा संरक्षण विषय पर अलग-अलग श्रेणियों में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को घरों में बिजली की खपत कम करने, अनावश्यक विद्युत उपकरण बंद रखने और ऊर्जा के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
प्रतियोगिताओं में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बायल की रान्या, अजय, तन्मय, पल्लवी एवं वियांन ने भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त किए। राजकीय उच्च विद्यालय कोयल की कंचन, आशु, सेजल, परणीत एवं आरती भी विजेताओं में शामिल रहे। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर की वेदिका, आरुषि चौहान, प्रीति ठाकुर, आयुश कुमार सोनी, पायल दत्ता एवं धैर्य श्याम ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए। विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए 10 नवंबर 2026 को रामपुर एचपीएस के बायल स्थित सम्मेलन कक्ष में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें परियोजना प्रमुख श्री विकास मारवाह के साथ विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में विकास मारवाह ने सभी प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घरों और आसपास के लोगों में ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ दैनिक जीवन में बिजली के जिम्मेदार इस्तेमाल को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर भी ऊर्जा की बड़ी बचत की जा सकती है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

