शिमला/रामपुर: भूपेंद्र गुप्ता ने रामपुर जलविद्युत स्टेशन में आयोजित 25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर सभी भाग लेने वाली टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन और संगठनात्मक उत्कृष्टता को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज की कार्य संस्कृति में इन गुणों का विशेष महत्व है।
इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर निर्भर करती है।
वहीं पार्थजीत डे ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन कर्मचारियों के बीच फिटनेस, सकारात्मक सोच और टीम भावना को बढ़ाते हैं, जिससे उनके कार्य प्रदर्शन में भी सुधार आता है।
टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन रामपुर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने किया, जिसमें राजीव कपूर सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस प्रतियोगिता में एसजेवीएन, एनएचपीसी, पावरग्रिड, सीईए, आरईसी, टीएचडीसी और बीबीएमबी जैसी प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां भाग ले रही हैं।
पहले दिन चार मुकाबले खेले गए, जिनमें एसजेवीएन, एनएचपीसी, पीजीसीआईएल और बीबीएमबी ने जीत दर्ज की। तीन दिवसीय यह टूर्नामेंट 26 मार्च को संपन्न होगा।


