हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना के तहत ढाई करोड़ रुपए की लागत अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल की एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला (लैबोरेट्री) को अपग्रेड करते हुए नए विभिन्न प्रकार के नए टेस्ट शामिल किए जाएंगे।
श्री विज ने बताया कि सिविल अस्पताल में ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जनता को मिले इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब ढाई करोड़ रुपए की लागत से प्रयोगशाला में नए टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला का मुख्य उद्देश्य माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री सहित कई तरह की उन्नत जांच सुविधाएं जनता को उपलब्ध कराना है।
वहीं, अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल की प्रयोगशाला को अपग्रेड करने व नए टेस्ट सुविधा शामिल करने को लेकर ऊर्जा मंत्री अनिल विज के निर्देशों पर आज नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल, सिविल अस्पताल अम्बाला छावनी की पीएमओ डा. पूजा एवं अन्य डाक्टरों की बैठक हुई। बैठक में सिविल अस्पताल की प्रयोगशाला को अपग्रेड करने व कौन सी नई टेस्ट सुविधा शामिल करनी है इसको लेकर चर्चा की गई।


