हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला विकास योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास परियोजनाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सकें।
श्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को फतेहाबाद में आयोजित जिला विकास एवं निगरानी समिति (डीडीएमसी) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष डीडीएमसी के तहत विभिन्न विकास कार्यों पर 13.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें सामान्य वर्ग के विकास कार्यों के लिए 7 करोड़ 40 लाख 89 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ 88 लाख 52 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वीकृत विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि किसी प्रकार की ग्रांट लैप्स न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी समय-समय पर विकास कार्यों का निरीक्षण करें और यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तुरंत उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 के तहत जिला विकास योजना के लिए 14 करोड़ 86 लाख 32 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। इसमें से 8 करोड़ 91 लाख 79 हजार रुपये सामान्य वर्ग तथा 5 करोड़ 94 लाख 53 हजार रुपये अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यों के लिए निर्धारित किए गए थे।

