नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) द्वारा “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” का आयोजन 16 मई से 31 मई तक किया जा रहा है। यह आयोजन विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ, जिसमें परियोजना क्षेत्र झाकड़ी और नाथपा डैम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे स्वयं भी स्वच्छता अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस पखवाड़े के दौरान एसजेवीएन द्वारा अनेक सामाजिक और जागरूकता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें परियोजना और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, बालिका शौचालयों को गोद लेने की पहल, स्वच्छता रैलियां, नुक्कड़ नाटक और अन्य सामुदायिक गतिविधियां शामिल हैं।
एसजेवीएन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “स्वच्छ भारत मिशन” को मजबूत आधार प्रदान करना है। प्रबंधन का मानना है कि सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।


