चंडीगढ़: हरियाणा में होने वाले राज्यसभा के द्वि–वार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अंतिम दिन तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामित रिटर्निंग ऑफिसर श्री **पंकज अग्रवाल** ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आज कुल तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि थी।
श्री अग्रवाल के अनुसार भारतीय जनता पार्टी की ओर से **संजय भाटिया**, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से **कर्मवीर सिंह बौद्ध**, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में **सतीश नांदल** ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को 9 मार्च तक अपने नामांकन वापस लेने का अवसर मिलेगा।
रिटर्निंग ऑफिसर ने आगे बताया कि यदि चुनाव की आवश्यकता हुई तो 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूम में मतदान कराया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार हरियाणा की इस राज्यसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच और आगे की चुनावी प्रक्रिया पर टिक गई हैं।


