
निजी फर्म को GST कार्रवाई में राहत देने के बदले मांगे थे 50 लाख रुपये; रिश्वत की रकम को लेकर दो बार बदला सौदा
पंचकूला में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के एक अधीक्षक को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लवकुश कुमार के रूप में हुई है। उस पर एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्यवाही में कथित तौर पर अनुचित राहत देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। CBI ने जाल बिछाकर उसे उस समय पकड़ लिया, जब वह शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये स्वीकार कर रहा था।
CBI के अनुसार, मामले की शुरुआत एक निजी फर्म के साझेदार की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि CGST अधीक्षक ने फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्यवाही में राहत दिलाने के बदले उससे 50 लाख रुपये की अवैध रकम मांगी थी। कथित तौर पर इसके बदले फर्म पर भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे अतिरिक्त मांग नोटिस जारी नहीं करने का भरोसा दिया गया था।
जांच एजेंसी के मुताबिक, बातचीत के दौरान रिश्वत की मांग पहले घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई थी और इसमें से 10 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में देने की बात हुई। हालांकि, CBI द्वारा शिकायत का सत्यापन किए जाने के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने बाद में कुल रिश्वत की मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी और पहली किस्त के तौर पर 10 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने के बाद CBI ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये स्वीकार किए, जांच एजेंसी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
CBI ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस कथित रिश्वतखोरी में विभाग के अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे।

