जींद :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर हरियाणा सरकार ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने सोमवार को जींद पहुंचकर रैली स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, मंच निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल ढंग से संपन्न हो सके।
राजेश खुल्लर ने अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की चरणबद्ध समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली और रैली से जुड़े विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्य प्रधान सचिव को रैली की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, जनसुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली को देखते हुए प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।

